राजगढ़। अक्टूबर, 2025 मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के ग्रामीण घरेलू एवं कृषि तथा शहरी क्षेत्र के बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए सरल और सुविधाजनक तरीके से केवल 5 रूपए में त्वरित नवीन बिजली कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं को सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करते ही निर्धारित समयावधि में घर बैठे ही नवीन कनेक्शन उपलब्ध कराये जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कंपनी द्वारा ग्रामीण, घरेलू एवं कृषि तथा शहरी क्षेत्र के बीपीएल उपभोक्ताओं को सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से 5 रूपए में नवीन कनेक्शन देने की पहल की गई है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल ने बताया है कि कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल पर आवेदन करते ही पात्रतानुसार निर्धारित समयावधि में तत्काल 5 रूपए में नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को बिजली कंपनी के पोर्टल https://saralsanyojan.mpcz.in:8888/home अथवा UPAY एप पर जाकर जरूरी दस्तावेज अपलोड कर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए निर्धारित शुल्क 5 रूपए का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
आवेदक द्वारा विधिवत ऑनलाइन आवेदन और भुगतान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत बिजली कंपनी द्वारा सर्वे एवं अन्य औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर उपभोक्ता के परिसर में नया कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
























