त्वरित निराकरण के दिए निर्देश।
दतिया। नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल ने जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी अंचलों से आए 90 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
सीईओ तेम्रवाल ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निराकरण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अनिराकृत आवेदनों के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित अवधि में आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा निराकरण की जानकारी आवेदकों को भी दी जाए।
व्यक्तिगत प्रकरणों पर हुई कार्यवाही, जनसुनवाई के दौरान हरकिशोर रायकवार पुत्र स्व. रघुवीर रायकवार, निवासी निदान का कुआं, पेट्रोल पंप के सामने, वार्ड क्रमांक-1 दतिया द्वारा पट्टा दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया।
इस पर सीईओ जिला पंचायत द्वारा तहसीलदार दतिया को आवश्यक कार्यवाही हेतु आवेदन सौंपा गया। इसी प्रकार जसवंत लोधी पुत्र गया प्रसाद लोधी, निवासी रानीपुरा, राजस्व वृत्त धीरपुरा ने आवेदन देते हुए शिकायत की कि हल्का पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है।
इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीईओ तेम्रवाल ने एसडीएम दतिया को आवेदन सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। मुन्नी पाल पत्नी कल्लू उर्फ चतुर्भुज पाल, निवासी ग्राम रिछारी, दतिया द्वारा भरण-पोषण न किए जाने एवं कृषि आजीविका विक्रय पर तत्काल रोक लगाए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। यह आवेदन भी एसडीएम दतिया को आवश्यक कार्यवाही हेतु सौंपा गया।
वहीं ग्राम हिम्मतपुरा निवासी सुनील कुमार पिता दयाराम द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की लंबित किश्त पुनः चालू कराने संबंधी आवेदन दिया गया, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित एसएल (कृषि) दतिया को आवेदन अग्रेषित किया।
विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त, जनसुनवाई में रास्ता अवरुद्ध करने, वृद्धावस्था पेंशन, सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण, खाद वितरण सहित अन्य जनहित से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों की रही मौजूदगी, जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल, संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में सीईओ जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
























