दतिया। सत्र 2025–26 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर ने स्नातक (B.A., B.Sc., B.Com.-NEP) प्रथम वर्ष तथा स्नातकोत्तर (M.A., M.Sc., M.Com.) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए नामांकन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि में वृद्धि की है।पूर्व में नामांकन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 24 नवंबर 2025 निर्धारित की गई थी, किंतु अब विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के हित में इस तिथि को बढ़ाते हुए 25 नवंबर 2025 तक कर दिया है।
इस निर्णय से उन छात्र-छात्राओं को राहत मिली है जो किसी कारणवश निर्धारित तिथि तक नामांकन फॉर्म नहीं भर पाए थे।महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे शीघ्रता से अपने नामांकन फॉर्म भरें और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूर्ण करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र-छात्राएँ निर्धारित तिथि तक नामांकन फॉर्म नहीं भरेंगे, उन्हें विश्वविद्यालय परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महाविद्यालय प्रबंधन ने आगे कहा कि परीक्षा में बैठने का सम्पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित छात्र/छात्रा का होगा। अतः सभी विद्यार्थियों से आग्रह है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यह कदम विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित में उठाया गया है, जिससे अधिकतम विद्यार्थी सत्र 2025–26 की परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।









