श्रावण के अंतिम सोमवार को नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति की बही गंगा महाकाल स्वरूप के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।शाहपुरा-श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर, कलिंजरी गेट रोड शाहपुरा में श्रावण माह के अंतिम सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।आयोजन की शुरुआत सुबह भगवान
नर्बदेश्वर महादेव के विशेष अभिषेक के साथ हुई। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जल, दुग्ध सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही
बनी रही।शाम को भगवान नर्बदेश्वर महादेव का महाकाल स्वरूप में भव्य एवं आकर्षक शृंगार किया गया। विशेष सजावट के साथ भगवान की मनमोहक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। महाकाल स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इसके पश्चात मंदिर परिसर में भगवान महादेव की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव की आराधना की और श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्रद्धा के
साथ विदाई दी।महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। विशेष रूप से 101 किलो खीर का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद पाने के लिए भक्तों की कतार लगी रही। आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।रात्रि में मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भजन संध्या में कलाकारों ने भगवान शिव एवं विभिन्न देवी-देवताओं की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
श्रावण माह के अंतिम सोमवार को हुए इन आयोजनों के चलते श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना के साथ धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।