शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
बनेड़ा-आयुर्वेद विभाग बनेड़ा के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद परामर्श एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर आज से 26 मई और 27 मई को माताजी का खेड़ा विद्यालय प्रांगण में आयोजित होगा।
शिविर का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयुर्वेद ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश नागर ने बताया कि शिविर में आने वाले आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क दी जाएंगी।
शिविर में निःशुल्क जांचें, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ-साथ मलेरिया, टाइफाइड, एचआईवी और प्रेगनेंसी टेस्ट की आधुनिक सुविधा मौके पर ही उपलब्ध रहेगी। अनुभवी आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा। साथ ही, बीमारी के अनुसार आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश नागर ने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार हर महीने अलग-अलग ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इस तरह के दो दिवसीय शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि जो लोग शहरों तक नहीं पहुँच पाते, उन्हें उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा लाभ मिल सके।
विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बनेड़ा व आसपास के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे समय पर पहुँचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और अधिक से अधिक संख्या में इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं।













