राजेन्द्र खटीक। मथुरा-वृंदावन में बनी फिल्म “वृंदावनी वैराग्य” को लेकर संत समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-ईदगाह मामले के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फिल्म पर रोक लगाने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा कि फिल्म में अश्लील दृश्य दिखाए गए हैं, जिससे वृंदावन और ब्रजभूमि की धार्मिक छवि धूमिल हो रही है। उनका आरोप है कि फिल्म के निर्माण में कुछ स्थानीय लोगों के साथ बाहरी व्यक्तियों की भी भूमिका है और यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकता है।फलाहारी महाराज ने कहा कि वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली है, जहां महारास, रासलीला और माखन चोरी जैसी दिव्य लीलाएं हुईं।
ऐसे पवित्र तीर्थ क्षेत्र में इस प्रकार की फिल्में बनने से ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से फिल्म की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और तीर्थ स्थलों में फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संत ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।















