उज्जैन के थाना माधवनगर पुलिस ने नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नकली सिगरेट की एक बड़ी खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 4 जून को गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पवासा क्षेत्र का रहने वाला एक युवक जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे मोटरसाइकिल पर काले रंग के झोले में नकली सिगरेट बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर गोविंद खीची (उम्र 24 वर्ष, निवासी शाजापुर, हाल मुकाम पवासा) को धरदबोचा। आरोपी के कब्जे से प्रसिद्ध आईटीसी कंपनी के ‘गोल्ड फ्लेक’ ब्रांड के नाम पर तैयार किए गए 10 बॉक्स बरामद हुए, जिनमें कुल 500 नकली सिगरेट के पैकेट भरे हुए थे। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटीसी कंपनी के अधिकृत सेल्स सुपरवाइजर मुकेश बडोनिया को बुलाकर जांच कराई गई, जिन्होंने बरामद माल के पूरी तरह नकली और फर्जी होने की पुष्टि की। कंपनी के ब्रांड नाम और लोगो का दुरुपयोग कर बाजार में धोखाधड़ी से माल बेचने के इस मामले में माधवनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालती आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।















