टक्कर से ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त, चालक सुरक्षित; सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। फूलियाकलां-उपखंड क्षेत्र के सांपला रोड स्थित खारी नदी पुलिया पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बजरी से भरे एक डंपर ने गेहूं लेकर केकड़ी जा रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा खारी नदी पुलिया के पास हुआ, जहां तेज गति से आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना की सूचना मिलते ही फूलियाकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों वाहनों की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समय रहते बड़ा हादसा टल जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।















