राजस्थान। बस स्टैंड पर झूलती हाई मास्ट लाइट बनी हादसे का सबब, कस्बेवासियों में चिंता
पण्डेर -15 जून कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थापित हाई मास्ट लाइट इन दिनों लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। हाई मास्ट लाइट का एक हिस्सा नीचे की ओर झूलता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बस स्टैंड क्षेत्र में दिनभर यात्रियों, दुकानदारों, विद्यार्थियों एवं कस्बेवासियों की आवाजाही रहती है।
ऐसे में झूलती हुई लाइट लोगों के लिए खतरा पैदा कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाई मास्ट लाइट लंबे समय से खराब स्थिति में है, लेकिन अब इसका एक हिस्सा नीचे लटकने लगा है। तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने का डर बना रहता है।
यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है, जिससे जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। कस्बेवासियों एवं व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र सार्वजनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं।
इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अभी तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कस्बेवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि झूलती हुई हाई मास्ट लाइट का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
लोगों का कहना है कि सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।