कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
राजगढ़, 20 जून 2026राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, राजगढ़ में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि आगामी रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा जिले में निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अनय मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की पहचान एवं सुरक्षा जांच निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सघन रूप से की जाए। किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा मोबाइल फोन को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रश्नपत्रों एवं परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं भंडारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम से परीक्षा केन्द्र तक पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपादित की जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पुलिस अधिकारी एवं जवान पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने तथा परीक्षार्थियों को निर्बाध एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाए।
जिले में नीट-यूजी परीक्षा के लिए चार परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय राजगढ़, पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यावरा, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज राजगढ़ एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ शामिल हैं। इन केन्द्रों पर कुल 1761 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
मॉक ड्रिल के माध्यम से परीक्षा दिवस की समस्त व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कर संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया गया, जिससे आगामी 21 जून को परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।















