ब्रह्माकुमारीज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया
पचोर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के परमात्मा अनुभूति भवन, शनि मंदिर कॉलोनी, पचोर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गिरिराज पाटीदार, रुहेला सर, ब्रह्माकुमारी वैशाली दीदी, योग शिक्षक सूरज प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाई-बहन एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। योग प्रशिक्षक सूरज प्रकाश गुप्ता ने उपस्थित सभी लोगों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासन कराए तथा योग को स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं रुहेला सर ने भी योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी वैशाली दीदी ने कहा कि “आत्मा के तार परमात्मा से जोड़ने वाला योग ही सच्चा राजयोग कहलाता है, जो मनुष्य को देवत्व की ओर ले जाता है।” उन्होंने बताया कि योग का वास्तविक अर्थ आत्मा का परमात्मा से संबंध जोड़ना है। राजयोग के अभ्यास से मनुष्य आत्मिक शांति, शक्ति, प्रेम और आनंद की अनुभूति करता है तथा उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं।
उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं को शरीर नहीं, बल्कि आत्मा समझकर परमात्मा से सर्व संबंधों का अनुभव करते हैं, तब जीवन में सुख, शांति और संतुष्टि का संचार होता है। राजयोग केवल व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम नहीं है, बल्कि विश्व बंधुत्व और मानव एकता का भी आधार है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया तथा स्वस्थ एवं आध्यात्मिक जीवन जीने का संकल्प लिया। अंत में मोनिका दीदी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया l















