देवास “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” : सोनकच्छ में छात्राओं ने निकाली जनजागरूकता रैली
संवाददाता: पवन परमार जिला देवास
“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” : सोनकच्छ में छात्राओं ने निकाली जनजागरूकता रैली,
दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
डीजीपी मध्य प्रदेश के अभियान के तहत पुलिस, छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों ने दिया नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेशदेवास/सोनकच्छ। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी “नशा मुक्ति अभियान – नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के अंतर्गत बुधवार को सोनकच्छ थाना पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट सोनकच्छ के नेतृत्व में थाना स्टाफ ने श्रीमती पंचूबाई शासकीय कन्या विद्यालय की छात्राओं, विद्यालय स्टाफ, वरिष्ठ नागरिकों एवं कस्बे के गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता रैली निकाली।
रैली के दौरान छात्राओं ने “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” तथा “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से लोगों को चरस, गांजा, अफीम, ड्रक्स एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशा न करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के विरुद्ध जनसहभागिता ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को इस बुराई से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
थाना सोनकच्छ पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों का क्रय-विक्रय या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।