छात्रों से मारपीट करने वाले दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में, एक जेल भेजा, नाबालिग को समझाइश देकर छोड़ा
संवाददाता पवन परमार जिला देवास मध्यप्रदेश सोनकच्छ। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में लंच ब्रेक के दौरान छात्रों के साथ मारपीट कर फरार हुए दो आरोपियों को सोनकच्छ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक आरोपी को शांति भंग करने के आरोप में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि एक नाबालिग को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।जानकारी के अनुसार बुधवार को विद्यालय के लंच अवकाश के समय बाइक पर सवार होकर आए कुछ असामाजिक तत्वों ने विद्यालय
परिसर में छात्रों के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। विद्यालय के प्राचार्य ने मामले की लिखित शिकायत सोनकच्छ पुलिस को दी तथा जब्त बाइक पुलिस के सुपुर्द कर दी।शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। इनमें आर्यन पिता गजेंद्र (18 वर्ष), निवासी सोनकच्छ को गिरफ्तार कर शांति भंग के मामले में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे
जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरे नाबालिग आरोपी को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा जब्त बाइक पर चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया भी की जा रही है।विद्यालय परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने राहत महसूस की है। स्थानीय लोगों ने विद्यालयों के आसपास असामाजिक तत्वों पर नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग भी की है।