विज्ञान एवं गणित मेला तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

IMG-20260813-WA0001

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा। पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता एवं गणितीय सोच विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान एवं गणित मेला तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने विज्ञान एवं गणित से संबंधित विभिन्न मॉडल, प्रोजेक्ट एवं नवाचार आधारित गतिविधियों का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने मॉडल की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान, गणित एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं तर्कशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई तथा उन्हें सीखने और अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप देने का अवसर मिला।

विद्यालय प्राचार्य रीता धोबी एवं शिक्षकों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच, समस्या समाधान क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागी छात्राओं के उत्साहवर्धन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के सम्मान के साथ किया गया।

कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न विषयों जैसे सतत कृषि, हरित ऊर्जा, प्लास्टिक व अपशिष्ट प्रबंधन, उभरती प्रौद्योगिकी, स्वच्छता व स्वास्थ्य, ऊर्जा व जल संरक्षण, मनोरंजन गणितीय गतिविधियां इत्यादि पर अपने मॉडल बनाकर वर्तमान में पर्यावरण प्रदूषण, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण, कृषि में नवाचार, नवीनीकरण ऊर्जा संसाधनों इत्यादि पर अपने विचार प्रस्तुत किये।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रीता धोबी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक अंतर दृष्टि, विज्ञान व गणित विषय में अभिरुचि, रचनात्मक कौशल व टीमवर्क की भावना विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में पीएम श्री गतिविधी प्रभारी इंदिरा जैन, राकेश कुमार खटीक, रानू धाकड़, ज्योति सुमन, नीरू , मेघा केवलानी, आदित्य मीणा व अन्य स्टाफ व सभी छात्राओं ने मेले का अवलोकन किया।

About The Author