अपराध (क्राइम ) प्रशासन मध्यप्रदेश रोजगार

पशुपालकों बीमा राशि का भुगतान नहीं करने पर एग्रीकल्‍चर इंश्‍योरेंस बीमा कंपनी पर होगी एफआईआर

राजगढ़ 18 नवम्‍बर, 2025 जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम की अभिनव पहल शुरू की गई है। यह कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई से पूर्व आयोजित किया जाता है। इसमें विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और शिकायतकर्ता आमने-सामने बैठकर शिकायतों का समाधान करते हैं।

इस सप्ताह पशु पालन एवं डेयरी विभाग से संबंधित 5 शिकायतों की समीक्षा की गई है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा स्वयं प्रत्येक शिकायत को व्यक्तिगत रूप से सुनते हैं और मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित करते हैं।

यह पहल न केवल अधिकारियों में जवाबदेही स्थापित कर रही है, बल्कि आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच सीधा संवाद भी स्थापित कर रही है।

‘संवाद से समाधान’ ने आमजन के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता को और मजबूत किया है। मंगलवार को आयोजित संवाद से समाधान कार्यक्रम में शिकायतकर्ता श्री दरियाव सिंह द्वारा बताया गया कि मेरी भैंस की मृत्‍यु हो गई है।

आवेदक द्वारा बीमा कंपनी से भैंस का बीमा कराया था। बीमा कंपनी द्वारा आज तक भी मुझे भैंस की मृत्‍यु की क्‍लेम राशि नहीं दी गई है। इसी प्रकार शिकायतकर्ता श्री ठाकुर लाल द्वारा बताया गया कि मेरे द्वारा पिछले साल पशु बीमा करवाया था।

मेरे पशु की मृत्‍यु होने पर मेरे द्वारा बीमा कंपनी को क्‍लेम के लिए सभी प्रकार की डाक्‍यूमेंट दिए गए थे लेकिन आज तक कोई भी बीमा राशि नहीं मिली। शिकायतकर्ता श्री रूपसिंह, श्री गंगाराम तंवर द्वारा भी इसी प्रकार की शिकायतें की गई थी।

बीमा कंपनी द्वारा पशुओं के बीमा करवाने के बावजूद भी पशु पालकों को क्‍लेम राशि नहीं दी जा रही है साथ ही पशु पालकों को क्‍लेम के लिए परेशान किया जा रहा है। कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा ने शिकायतों की गंभीरता व बीमा कंपनी की लापरवाही को देखते हुए सख्‍त निर्देश दिए कि एग्रीकल्‍चर इंशेरेन्‍स कंपनी जिसने पशुपालको के पशुओं का बीमा किया था उस पर एफआईआर दर्ज कराई जाए।

About The Author