लाखों का सामान राख — बड़ा हादसा टला।
दतिया। शहर की पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कॉलोनी में स्थित एक मकान के अंदर बनाए गए गोदाम से उठती आग की तेज़ लपटों और काले धुएं ने देखते ही देखते आसमान को ढक लिया। कुछ ही मिनटों में धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कैसे लगी आग, जानकारी के अनुसार, अनामय ऑटो पार्ट्स के संचालक सतीश गुप्ता ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक मकान को किराए पर लेकर उसमें ऑटो पार्ट्स व प्लास्टिक सामग्री का गोदाम बना रखा था। यहां बड़ी मात्रा में पानी की प्लास्टिक वाल्व, रबर पाइप, पुराने टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी।
दोपहर के समय अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण गोदाम के अंदर आग भड़क उठी।शुरुआत में धुआं हल्का दिखाई दे रहा था, लेकिन चंद मिनटों में ही आग प्लास्टिक और रबर सामग्री तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। प्लास्टिक के जलने से उठे काले धुएं के विशाल गुबार ने आसपास के माहौल को धुंधला कर दिया
और लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थानीय लोगों ने की मदद, फायर ब्रिगेड टीम ने पाया काबू, आग लगते ही आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी पानी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश में जुट गए।
हालांकि तेज लपटों और ज्वलनशील सामग्री होने से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
दमकलकर्मियों ने बताया कि समय रहते आग को रोक लिया गया, वरना आवासीय क्षेत्र में यह घटना बड़ा हादसा साबित हो सकती थी। लाखों का नुकसान, घरों तक पहुंच सकती थी आग, गोदाम में रखे अधिकांश सामान को आग ने पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लगभग ढाई लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कालिख भरा धुआं कई किलोमीटर दूर तक देखा गया और कुछ समय के लिए पूरा इलाका धुएं की चपेट में रहा,चूंकि गोदाम आवासीय क्षेत्र के बीचोंबीच था, इसलिए पड़ोस के मकानों तक आग फैलने की आशंका बनी हुई थी।
लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आसपास के घर सुरक्षित बच गए।पड़ोसियों में दहशत, प्रशासन करेगा जांच,घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी दहशत है। आग ने सुरक्षा व्यवस्था और आवासीय इलाकों में बने गोदामों की अनुमति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।इस भीषण हादसे में
किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात है। हालांकि लाखों का सामान जलकर खाक हो जाने और इलाके में फैले आतंक ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।









