राजेन्द्र खटीक।शाहपुरा-राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रामशाला परिसर शाहपुरा में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन 16 दिसंबर से 25 दिसंबर तक किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन स्वर्णप्राशन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों को आयुर्वेदिक विधि से स्वर्णप्राशन कराया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी नारायण सिंह ने दिवस स्वर्णप्राशन की उपयोगिता और लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्वर्णप्राशन आयुर्वेद में बच्चों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, बुद्धि एवं स्मरण शक्ति के विकास, पाचन सुधार और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माना गया है। नियमित रूप से सही मात्रा और विधि से दिए जाने पर बच्चों के संपूर्ण विकास में यह सहायक सिद्ध होता है।शिविर में क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेदिक परामर्श, उपचार एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

























