ग्राम खंडवा में किशोरों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण साइबर जागरूकता एवं आपातकालीन सेवाओं की जानकारी
अंधेर नगरी न्यूज सीहोर से संजय सोलंकी की रिपोर्ट।
सीहोर पुलिस द्वारा संचालित सृजन अभियान के अंतर्गत आज ग्राम खंडवा स्थित आहुति शिक्षा एवं मानव अधिकार सेवा फाउंडेशन के निःशुल्क शिक्षा केंद्र में बालक-बालिकाओं को डायल 112 की प्रक्रिया, प्रथम प्रतिक्रिया वाहन (FRV) की भूमिका एवं उपयोगिता की जानकारी दी गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को आपातकालीन उपकरणों जैसे अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स, स्ट्रेचर आदि के उपयोग का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर थाना श्यामपुर से आरक्षक रामपाल एवं आरक्षक दिनेश द्वारा थाने की कार्यप्रणाली से बच्चों को अवगत कराया गया तथा आत्मरक्षा के विविध उपायों का अभ्यास भी कराया गया। सूबेदार प्राची राजपूत द्वारा बच्चों को शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्शल आर्ट की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित हो सके।
🔹 सृजन अभियान – एक समग्र सशक्तिकरण की पहल
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत चलाया जा रहा यह 15 दिवसीय अभियान किशोर-किशोरियों को आत्मविश्वास, जीवन कौशल एवं नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने हेतु समर्पित है, विशेषकर उन युवाओं के लिए जो घरेलू हिंसा, सड़क आधारित शोषण एवं अन्य सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।








