तीर्थ यात्री सेवा सदन के निरीक्षण हेतु समिति गठित मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर अपर कलेक्टर ने जारी किए आदेश।

IMG-20251230-WA0053

दतिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण, भोपाल के निर्देशानुसार दतिया जिले में स्थित तीर्थ यात्री सेवा सदन के समुचित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया गया है।

इस संबंध में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे द्वारा विधिवत आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार गठित समिति तीर्थ यात्री सेवा सदन की भौतिक स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था एवं तीर्थ यात्रियों को प्रदान की जा रही मूलभूत सेवाओं का निरीक्षण करेगी।

समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन हो रहा है या नहीं। समिति में संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उनके साथ संयुक्त कलेक्टर श्रृति अग्रवाल, तहसीलदार दतिया अजय झा तथा सहायक वर्ग-तीन कु. आकांक्षा कटारिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति समन्वय के साथ निरीक्षण कार्य संपन्न कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी को प्रस्तुत करेगी।

प्रशासन का उद्देश्य है कि तीर्थ यात्रियों को सेवा सदन में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े

निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमियां पाई जाती हैं, तो उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

जिला प्रशासन द्वारा यह पहल तीर्थ यात्रियों की सुविधा, सेवा गुणवत्ता में सुधार तथा शासन की जनहितकारी नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

About The Author