कुशीनगर रामकोला में स्थित सनातन विश्व दर्शन मंदिर पर नव वर्ष 2026 के शुभारंभ पर क्षेत्र के मंदिरों में व श्रद्धा-भक्ति का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोगों ने परिवार व बच्चों के साथ मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और नए साल की मंगलकामनाएं मांगीं।
बृहस्पतिवार को रामकोला नगर के सनातन विश्व दर्शन मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं एनएच-730 स्थित रामकोला–पडरौना रोड़ पर स्थित प्राचीन धर्मसमधा मंदिर और कसया रोड़ स्थित अमवा मंदिर पर भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर प्रांगण में ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। मंदिर समितियों की ओर से साफ-सफाई, प्रसाद वितरण और दर्शन की अलग-अलग लाइनें बनाकर व्यवस्था की गई। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए विशेष ध्यान रखा गया।
भीड़ को देखते हुए रामकोला थाना अध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। मुख्य मार्गों और मंदिरों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि ट्रैफिक और सुरक्षा दोनों सुचारु बने रहें।
























