जनगणना 2027: डिजिटल प्रणाली से होगा रियल टाइम डेटा संग्रह, सुपरवाइजर्स को दिया गया प्रशिक्षण।
दतिया। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए नियुक्त सुपरवाइजर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने सहभागिता करते हुए अधिकारियों एवं सुपरवाइजर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
कलेक्टर वानखड़े ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे रियल टाइम डेटा उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और सटीक बनेगी, जिससे शासन को योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण और व्यापक कार्य के सफल संचालन के लिए बेहतर समन्वय, टीमवर्क एवं सटीक योजना बनाना अत्यंत आवश्यक है, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सुपरवाइजर्स पूर्व तैयारी के साथ अपने- अपने क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान कई प्रकार की चुनौतियां सामने आ सकती हैं, लेकिन आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से उनका समाधान सहजता से किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करें।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सुपरवाइजर्स को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, डेटा संग्रहण के मानकों एवं फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही, उनके समाधान के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए, जिससे वे अपने कार्य को सुचारू रूप से संपादित कर सकें।कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में सुपरवाइजर्स उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।




