प्रशासन मध्यप्रदेश शिक्षा समाज

मेहनत का मिला सम्मान: जिले के टॉपर्स को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित।

दतिया। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं का आज सम्मान समारोह आयोजित कर गौरवपूर्ण अभिनंदन किया गया।

कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और गर्व से भरा रहा।

कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने सभी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता की खुशी साझा की। उन्होंने अभिभावकों को भी मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि को एक सामूहिक सफलता बताया।

समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे, जिससे माहौल और अधिक भावुक एवं प्रेरणादायक बन गया। कलेक्टर वानखड़े ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद कर सफलता के पीछे किए गए कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं मार्गदर्शन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य, रुचियों एवं हॉबी के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ते रहने, चुनौतियों का सामना करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में कलेक्टर ने कहा कि यद्यपि इस वर्ष जिले का समग्र परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कम रहा है, फिर भी यह अत्यंत गर्व की बात है कि जिले के कई टॉपर शासकीय विद्यालयों से हैं। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ होने का संकेत बताते हुए कहा कि शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे जिले के लिए प्रेरणा स्रोत है।

उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों को देते हुए कहा कि उचित मार्ग दर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन के बिना इस प्रकार की उपलब्धि संभव नहीं है। उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि वे इसी प्रकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते रहें, ताकि जिले का शैक्षणिक स्तर और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंच सके।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने भी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी सुनील शुक्ला सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सम्मान समारोह न केवल मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी कड़ी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता नजर आया।

About The Author