राजगढ़। पेयजल व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डॉ. इच्छित गढ़पाले

IMG-20260505-WA0048

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर हुई संयुक्त समीक्षा बैठक

नल-जल योजनाओं में तेजी लाने, 7 दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

राजगढ़, 05 मई 2026

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजगढ़ डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं, पेयजल व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में संचालित कुल 332 नल-जल योजनाओं में से 325 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं में आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्रगति पर हैं। कुछ ग्रामों में विद्युत आपूर्ति, मोटर संचालन एवं तकनीकी कारणों से जल आपूर्ति बाधित होने की जानकारी सामने आई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में वर्तमान में हैंडपंप, कुएं अथवा निजी बोर के माध्यम से अस्थायी पेयजल व्यवस्था की जा रही है, वहां स्थायी समाधान प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने एवं आगामी 7 दिवस में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जल निगम अंतर्गत लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन मरम्मत, रोड रेस्टोरेशन एवं लीकेज जैसी समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन ग्रामों में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी पेयजल व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें, इस पर विशेष जोर दिया गया।

अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें तथा आमजन को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

About The Author