पंचकुंडीय महायज्ञ, भागवत कथा एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य समापन, सात जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
फूलियाकलां (शाहपुरा)-सकल चौखला मीणा समाज शिव मंदिर धानेश्वर कमेटी के तत्वावधान में 19 मई से 25 मई तक आयोजित पंचकुंडीय महायज्ञ एवं सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को बालाजी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा और शिव मंदिर कलश स्थापना के साथ भव्य समापन हुआ।
आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह भी आकर्षण का केंद्र रहे।
सामूहिक विवाह सम्मेलन में सात जोड़े वर-वधू वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे, वहीं एक जोड़े का तुलसी-शालिग्राम विवाह भी संपन्न कराया गया। नवदंपतियों को स्मृति चिन्ह एवं शिव मंदिर धानेश्वर का मोमेंटो भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जहाजपुर विधायक एवं एसटी प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सकल चौखला मीणा समाज शिव मंदिर धानेश्वर के अध्यक्ष प्रेमचंद मीणा ने की।
इस अवसर पर प्रवक्ता एवं एडवाइजर रामप्रसाद धोधीन आलोली सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
आयोजन में महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा, सामूहिक विवाह सम्मेलन, तुलसी विवाह, बालाजी प्राण प्रतिष्ठा तथा कलश स्थापना जैसे पांच प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
अतिथियों का साफा बंधवाकर एवं शिव मंदिर धानेश्वर की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया।समारोह के अंत में आयोजन समिति ने सभी कार्यकर्ताओं, समाजबंधुओं तथा धानेश्वर परिक्षेत्र, फूलियाकलां, शाहपुरा, सावर, केकड़ी और जहाजपुर क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन में योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।















