कांस्या से तिलस्वां महादेव तक निकली भव्य शोभायात्रा, विश्व आदिवासी दिवस पर हुआ सभा का आयोजन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
कास्या। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 10 अगस्त 2026 को आदिवासी राणा पुंजा भील युवा संगठन बिजोलिया के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत कांस्या से तिलस्वां महादेव तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में समाज के युवा, बुजुर्ग, माता-बहनें सहित बड़ी संख्या में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।शोभायात्रा के तिलस्वां महादेव पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी परिवार से कांति भाई रोत, मांगु दादा निनामा, पूर्व प्रधान गोपाल मालवी, मांडल विधायक प्रत्याशी हैप्पी बन्ना, भानु प्रताप सामाजिक कार्यकर्ता किशन कुमार खटीक एवं रायमल सहित समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन एवं समाज की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों ने सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवा शक्ति तथा संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मातृशक्ति, युवाओं एवं बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाजजनों ने आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक भाईचारे एवं उत्साह के वातावरण में हुआ।