कांग्रेस की “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत शाहपुरा में भव्य जन-जागरण बैठक सम्पन्न
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के अंतर्गत आज शाहपुरा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी जन-जागरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक प्रत्याशी नरेन्द्र कुमार रेगर ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को टालना लोकतंत्र एवं संवैधानिक मूल्यों के साथ अन्याय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाकर जनता को जागरूक करें और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएं।
ब्लॉक अध्यक्ष महावीर कुमावत ने अपने उद्बोधन में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की असली शक्ति है। वहीं नगर अध्यक्ष रमेश सेन ने कहा कि शाहपुरा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
बैठक के दौरान फुलिया मण्डल अध्यक्ष प्रधान चाड़ा, बच्छखेड़ा मण्डल अध्यक्ष शंकर रैगर, बिलिया मण्डल अध्यक्ष भंवर गुर्जर, देवरिया मण्डल अध्यक्ष सावर कुमावत, ढिकोला मण्डल अध्यक्ष प्रभु गुर्जर, बनेड़ा नगर अध्यक्ष भंवर रैगर एवं अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष इकबाल शाह भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी रासा सिंह रावत के सानिध्य में शाहपुरा नगर के नव-नियुक्त 35 वार्ड अध्यक्षों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सभी वार्ड अध्यक्षों को संगठन के विस्तार, जनसंपर्क बढ़ाने एवं पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में शाहपुरा-बनेड़ा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसजन, पूर्व विधायकगण, पूर्व पार्षद, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे आगामी दिनों में अभियान को और अधिक गति देते हुए गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करें और जनसमर्थन बढ़ाएं।




