गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय कलेक्टर
स्वप्निल वानखड़े ने ली समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त व विस्तृत निर्देश।
दतिया। जिले में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में
सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह, भारत पर्व, विभागीय झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर वानखड़े ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे गणतंत्र दिवस पर निकाली जाने वाली झांकियों की स्पष्ट थीम तय कर समय-सीमा के भीतर जानकारी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि झांकियों में शासन की जनकल्याणकारी
योजनाओं, नवाचारों एवं जिले की उपलब्धियों को प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके। कलेक्टर ने जिला पंचायत, एनआरएलएम, स्वास्थ्य विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, सिंचाई
विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पीएचई विभाग, कृषि विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, नगर पालिका, उद्योग विभाग, खाद्य विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों को आकर्षक, नवाचारपूर्ण एवं संदेशपरक झांकियां तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि झांकियों में गुणवत्ता, प्रस्तुति और विषयवस्तु पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से दायित्व सौंपे गए।
इनमें प्रमुख रूप से प्रकाश व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, पुरस्कार वितरण, परेड एवं उसकी रिहर्सल, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था, पेयजल, टेंट, इंटरनेट सुविधा, एंबुलेंस एवं मेडिकल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।कलेक्टर वानखड़े ने जानकारी दी कि इस वर्ष भारत पर्व का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में किया जाएगा।
भारत पर्व के अंतर्गत विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक गतिविधियां एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा, उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता,
समन्वय और समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, अनुशासित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्रृति अग्रवाल, लोकेन्द्र सिंह सरल, विजेंद्र सिंह यादव, सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
























