प्रतापपुरा में PM आवास योजना में धांधली के आरोप, 450 आवेदनों में से सिर्फ 164 नाम सूची में वार्ड पंचों का आरोप

IMG-20260720-WA0016

फर्जी हस्ताक्षर कर सूची बनाई, सचिव-प्रशासनिक अधिकारी नदारद

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा/ प्रतापपुरा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों और वार्ड सदस्यों का कहना है कि लाभार्थियों की सूची में जानबूझकर अपात्र लोगों को शामिल कर योग्य जरूरतमंदों को दरकिनार किया गया है।

क्या है मामला: ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र से लगभग 450 से 500 आवेदन जमा कराए गए थे, लेकिन अंतिम सूची में मात्र 164 नाम ही शामिल किए गए। आरोप है कि सूची में कई नाम मनमाने ढंग से जोड़े और हटाए गए हैं।

वार्ड पंचों में आक्रोश: शंकर लाल गाडरी, भागचंद जाट, मुकेश जाट ने खुलकर कहा कि उन्हें इस तैयार सूची की कोई सूचना नहीं दी गई। उनकी गैरमौजूदगी में या तो फर्जी हस्ताक्षर किए गए या उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया।

पंचायत कार्यालय से नदारद अधिकारी: ग्रामीणों साँवरा वैष्णव, नूरमोहम्मद खान, नंद लाल गाडरी, रामेश्वर कुम्हार, लोकेश गाडरी का आरोप है कि पंचायत कार्यालय में संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और सचिव नियमित रूप से तैनात नहीं रहते। पूछताछ करने पर टालमटोल की जाती है या छुट्टी का हवाला दिया जाता है।

ग्रामसभा भी ठप: ग्रामसभा का आयोजन भी विधिवत नहीं हो रहा है, जिससे जनता की समस्याओं और आपत्तियों को सुनने का पारंपरिक मंच बंद पड़ा हुआ है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी: ग्रामीणों ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कर वास्तविक पात्र जरूरतमंदों को PM आवास योजना का लाभ तुरंत नहीं दिलाया गया, तो वे उग्र आंदोलन और सत्याग्रह के लिए विवश होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सूची में संशोधन की मांग की है।

About The Author