जयपुर में एक इंच बरसात गड्ढे के कारण बस पलटी
जयपुर: आज पूरे राजस्थान में तेज बारिश की चेतावनी. धौलपुर में चंबल खतरे के निशान पर,
शाहपुरा,भीलवाड़ा (राजस्थान)-राजेन्द्र खटीक।जयपुर/राजस्थान में गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बुधवार को राज्य के 5 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। उदयपुर, अजमेर, करौली, जयपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ के अलावा पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर के कुछ इलाकों में 2 से लेकर 7 इंच तक पानी बरसा। जयपुर में भी एक इंच से ज्यादा पानी बरसा।
बीसलपुर बांध में पानी पहुंचाने वाली त्रिवेणी नदी इस मानसून सीजन में पहली बार बहती नजर आई। त्रिवेणी नदी का गेज (जलस्तर) 3 मीटर से ऊपर चला गया है।धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान के पास बह रही है। एक दिन में इसमें करीब 30 फीट पानी बढ़ गया। लगातार बरसात के कारण दिन का तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार 14-15 तारीख से राज्य में बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी।
कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश:पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा पानी उदयपुर के सेमारी क्षेत्र में 185 MM बरसा। वहीं, सलूंबर में 143 MM, लसाड़िया में 133 MM, झालड़ा में 115 MM, सराड़ा में 110 MM, झाडोल में 123 MM, फलासिया में 115 MM, कोटड़ा में 110 MM और कानोड़ में 70 MM बरसात दर्ज की गई। इससे पहले 11 अगस्त शाम 6 बजे से 12 अगस्त सुबह 8 बजे तक चित्तौड़गढ़ के बस्सी और गंगरार में 200 MM से ज्यादा बरसात हुई थी।
इन जिलों में भी झमाझम बरसात: बुधवार को टोंक, श्रीगंगानगर, प्रतापगढ़, कोटा, करौली, जोधपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, सवाई माधोपुर में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा। इन जिलों के अलावा बाड़मेर, झालावाड़, धौलपुर, दौसा और बूंदी समेत अन्य जिलों में भी 1 इंच (लगभग 25 MM) तक बरसात दर्ज की गई।
जयपुर में बस पलटी, पेड़ गिरे, ट्रैफिक जाम:राजधानी में बुधवार को 4 घंटे से ज्यादा बारिश हुई। शहर के पास जयसिंहपुरा खोर इलाके में पानी से भरे गड्ढे के कारण बस पलट गई। करीब सात घंटे तक शहर के अधिकतर हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। शहर के दुर्गापुरा इलाके में एक बड़ा पेड़ गिर गया। जयपुर में बुधवार को एक इंच से ज्यादा पानी बरसा।
पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट:मौसम विशेषज्ञों ने बताया- लो-प्रेशन सिस्टम अभी मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिम हिस्से पर एक्टिव है। इस सिस्टम के असर से राजस्थान में आज पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। जबकि 14 अगस्त से पश्चिमी जिलों में मौसम साफ होगा।