मालनपुर गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर में हम एक बने नेक बने विषय पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम संपन्न
भिंड /मालनपुर।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मालनपुर गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर के अंतर्गत “हम एक बने, नेक बने” विषय पर एक विशाल आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाई-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही
और वातावरण शांति, एकता व आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी आदर्श बहन (संचालिका, इंद्रगंज लश्कर, ग्वालियर) ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि परमात्मा का सच्चे मन से किया गया ध्यान हमें वास्तविक मानसिक शांति प्रदान करता है, व्यर्थ संकल्पों से मुक्त करता है तथा नियमित शारीरिक व्यायाम हमें रोगमुक्त और स्वस्थ बनाता है।
उन्होंने आत्मा और शरीर—दोनों के संतुलित स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।मुख्य अतिथि एस.एल.पी. कॉलेज, ग्वालियर के प्रिंसिपल डॉ. शत्रुघन सिंह ने कहा कि सच्ची शिक्षा का अर्थ है—शारीरिक, पारिवारिक, सामाजिक और आध्यात्मिक जीवन में संतुलन बनाए रखना।
इसी संतुलन से व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में सफलता, खुशी और समाज में सम्मान प्राप्त कर सकता है।प्रेरक वक्ता ब्रह्माकुमार प्रहलाद भाई ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में जीवन की चार महत्वपूर्ण बातों को अपनाने का आह्वान किया
—सदैव खुश रहना, प्रतिदिन परमात्मा का ध्यान करना, समस्याओं से न घबराना और हर पल को प्रसन्नता के साथ जीना।गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर की संचालिका ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित भाई-बहनों का आभार व्यक्त करते हुए
आग्रह किया कि भविष्य में भी सभी इसी तरह कार्यक्रमों में सहभागिता निभाएं और यह संकल्प लें कि हम सभी एक रहेंगे और नेक बनेंगे। उन्होंने कहा कि एकता में ही सुरक्षा,
शांति और जीवन का सच्चा आनंद निहित है।कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में भोपाल से पधारे ब्रह्माकुमार आशीष भाई ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राजयोग के अभ्यास से कैसे असीम मानसिक व आत्मिक शक्ति प्राप्त होती है।
गिनीज बुक में नाम दर्ज करा चुके ब्रह्माकुमार आशीष भाई ने दांतों से पानी का जहाज, ट्रक और बस खींचने जैसे अद्भुत कारनामों के माध्यम से मनोबल की शक्ति का प्रदर्शन किया
और अंत में बस खींचकर सभी भक्तजनों का उत्साहवर्धन किया।सिंगरौली से पधारे ब्रह्माकुमार जीतू भाई ने अपने ब्रह्मचारी जीवन के अनुभव साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
मंच संचालन ब्रह्माकुमारी सृष्टि बहन ने कुशलता के साथ किया। कार्यक्रम में मोहन लाल वर्मा, भावना, अर्चना, रेखा, अंजलि, अनामिका, सुमन, कल्पना, सरस्वती, खुशबू, महेश, संतोष सहित अनेक सम्माननीय व्यक्तियों की उपस्थिति रही,
जिन्होंने कार्यक्रम के लिए अपनी-अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।कार्यक्रम का समापन शांति, एकता और सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ।
























