महाविद्यालय में छात्रवृत्ति योजनाओं पर आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान राजस्थान राज्य महिला नीति के अंतर्गत छात्राओं को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से “अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति, स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति एवं छात्राओं के लिए संचालित अन्य छात्रवृत्ति योजनाओं पर
आमुखीकरण एवं व्याख्यान” का आयोजन प्राचार्य डॉ पुष्कर राज मीणा की अध्यक्षता में किया गया। चित्तौड़ से आए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्य सुरेंद्र दान चारण ने अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के बारे में पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, समय-सीमा तथा चयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन
आवेदन भरने की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों एवं छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी बताए। छात्रवृत्ति संयोजक प्रो मूलचंद खटीक ने अन्य विभिन छात्रवृत्ति योजनाओं जैसे स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति,उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति ,विभिन्न स्कूटी योजनाओं एवं केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति
योजनाओं की जानकारी दी। व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका वक्ताओं के द्वारा सरल एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ पुष्कर राज मीणा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाएँ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को सुदृढ़ बनाएँ।
कार्यक्रम के अंत में महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. ऋचा अंगिरा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी जागरूकता गतिविधियाँ छात्राओं के शैक्षणिक विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।