शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
बडलियास-भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बडलियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27.228 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक आई-20 कार भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार बडलियास थाना पुलिस ने सवाईपुर चौकी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान एक संदिग्ध आई-20 कार को रोककर तलाशी ली गई,
जिसमें से 27.228 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कार सवार हर्षित पारीक निवासी नंदराय एवं आर्यन चावरिया निवासी मानपुरा को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ एवं वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर (आईपीएस) के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थानाधिकारी जसवंत सिंह, सउनि प्यारचंद, जेठमल, कांस्टेबल श्रवण कुमार, संदीप कुमार, संदीप कुमार स्वामी, बाबूलाल, राजेंद्र कुमार एवं नाहर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।















