रविदास जयंती वर्ष: 21 सदस्यीय राजस्थान प्रतिनिधिमंडल 29 जुलाई को पहुंचेगा
वाराणसी समरसता संकल्प अभियान में उपमुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक व संगठन पदाधिकारी होंगे शामिलशाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा को मिली जिम्मेदारी
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा।संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650 वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत राजस्थान का 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 29 जुलाई को वाराणसी पहुंचेगा।
प्रतिनिधिमंडल संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर पूजित कलश के साथ राजस्थान लौटेगा। अभियान के लिए शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश स्तर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री जवाहर सिंह बेड़म, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कलश वंदन प्रभारी भूपेंद्र सैनी, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, विधायक संदीप शर्मा, कुलदीप धनकड़, कैलाश वर्मा, डॉ. लालाराम बैरवा, गोपाल
शर्मा, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, पूर्व सांसद डॉ. मनोज राजोरिया सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे।प्रतिनिधिमंडल में कुल 21 सदस्य होंगे। यात्रा के लिए राजस्थान पंजीकरण वाले पांच वाहनों की व्यवस्था की गई है।
सभी सदस्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई को वाराणसी पहुंचेंगे और वहां आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से पूजित कलश लेकर राजस्थान लौटेगा।
इसके बाद यह कलश प्रदेशभर के संत रविदास मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न जिलों में धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।