शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। बरडोद-हमीरगढ़ क्षेत्र के बरडोद गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति द्वारा अपनी पत्नी की निर्मम हत्या करने के बाद स्वयं आत्महत्या कर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दोहरे कांड के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों क भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनकाखेड़ा निवासी कालू जाट और उसकी पत्नी दुर्गादेवी बरडोद निवासी अपने साडु जगदीश जाट के घर शनिवार शाम को बरडोद मिलने के लिए आए थे। सभी परिजनों ने रात को एक साथ बैठकर भोजन किया और रात को वहीं रुके। रविवान सुबह बरडोद निवासी पति-पत्नी हर रोज की तरह खेत में फूल तोड़ने के लिए गए थे। कुछ समय बाद जब दोनों खेत से काम निपटाकर वापस घर लौटे, तो अंदर देखा तो साली और साडू को कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत देखा, तो उनकी चीख निकल गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े।
बताया जा रहा है कि मृतक कालू पिता देवीलाल (30) निवासी बन का खेड़ा थाना बड़लियास का शव कपड़े के फंदे से लटका हुआ जबकि पास ही मृतका दुर्गा पत्नी कालू जाट निवासी बन का खेड़ा का शव बेड पर मिला। मृतक दंपती अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक 6 साल का बेटा और एक 3 साल की बेटी है। माता-पिता की मौत की खबर के बाद से ही दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जैसे ही बनकाखेड़ा गांव में दोनों की मौत की खबर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया, जांच शुरूवारदात की सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना करने के बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए हमीरगढ़ उप जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल हमीरगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है।
घटना के पीछे पारिवारिक कलह थी या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा।















