शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-श्री चारभुजा नाथ मंदिर में ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार, 29 जून 2026 को द्वितीय नौका विहार महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत भगवान श्री चारभुजा नाथ के विशेष नौका विहार के दिव्य दर्शन दोपहर 3:00 बजे से प्रभु इच्छा तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार भगवान श्री चारभुजा नाथ को आकर्षक नौका स्वरूप में विराजित कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान भक्तजन प्रभु के नौका विहार के अलौकिक दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे। मंदिर परिसर को भव्य सजावट एवं पुष्पों से अलंकृत किया जाएगा, जिससे उत्सव का आध्यात्मिक वातावरण और अधिक मनोहारी बनेगा।
श्री चारभुजा भक्त मंडल, शाहपुरा (भीलवाड़ा) ने सभी श्रद्धालुओं एवं प्रभु प्रेमी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नौका विहार महोत्सव के दिव्य दर्शन करने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।















