राखी से रक्षा अभियान’ के तहत सैनिक भाइयों के लिए भेजी 51 राखियां
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। भारतीय डाक की ओर से चलाए जा रहे ‘राखी से रक्षा अभियान’ के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर शाहपुरा से देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिक भाइयों के लिए 51 राखियां भेजी गईं।
शाहपुरा उप डाकघर कुंडगेट के डाकपाल प्रवीण कुमार रेगर के समन्वय से दीपिका वैष्णव एवं मोनिका सोनी ने 51 राखियां डाक के माध्यम से सैनिक भाइयों तक पहुंचाने के लिए भेजीं। इस पहल के माध्यम से सीमाओं पर तैनात जवानों तक बहनों का स्नेह, रक्षाबंधन की शुभकामनाएं और देशवासियों का सम्मान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
दीपिका वैष्णव एवं मोनिका सोनी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने परिवारों से दूर रहकर सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना हम सभी का दायित्व है। राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और भावनाओं का प्रतीक है। सैनिक भाइयों तक राखी पहुंचाकर उन्हें यह अहसास कराने का प्रयास है कि
पूरा देश उनके साथ खड़ा है।इस अवसर पर चेतन वैष्णव और अभिषेक सोनी ने भारतीय डाक के ‘राखी से रक्षा अभियान’ की सराहना करते हुए कहा गया कि डाक विभाग के माध्यम से देश की बहनों का स्नेह सीधे सरहद पर तैनात वीर जवानों तक पहुंच रहा है।