सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग का बना उदाहरण
राजगढ़ 15 मई, 2026
माचलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिंबोदा में आयोजित होने वाले विवाह समारोह को लेकर प्रशासन एवं ग्रामीणों ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी सहयोग का सकारात्मक संदेश दिया है। ग्राम लिंबोदा निवासी श्री देवीलाल वर्मा द्वारा अपनी पुत्री के विवाह समारोह के संबंध में प्रशासन को आवेदन देकर कुछ आशंकाएं व्यक्त की गई थीं।
आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने तत्परता से गांव पहुंचकर ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों एवं दोनों पक्षों से चर्चा की।
चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि गांव में सभी समुदाय आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहते हैं तथा विवाह समारोह पूर्ण सहयोग और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी भरोसा दिलाया कि किसी प्रकार का विवाद या व्यवधान उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी परिवार को आवश्यक सहयोग एवं सुरक्षा का आश्वासन दिया तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदान किए।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्राम में पहुंचकर जनचर्चा की गई। जिसमें यह तथ्य सामने आया कि गांव में वर्तमान में किसी प्रकार का सामाजिक तनाव या विवाद नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी विवाह समारोह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होते रहे हैं और गांव में सामाजिक समरसता का वातावरण बना हुआ है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने कहा है कि समाज में आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग से ही सौहार्द मजबूत होता है। विवाह जैसे सामाजिक आयोजन प्रेम, सम्मान और एकता के प्रतीक हैं। प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर आवश्यक निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
खबर की वस्तुस्थिति
प्रशासनिक जांच एवं ग्रामीणों से चर्चा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गांव में किसी प्रकार का सामाजिक तनाव, विरोध अथवा विवाद की स्थिति नहीं है।
समाचार में व्यक्त आशंकाओं को लेकर प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्रवाई की तथा सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित किया। वर्तमान में ग्राम लिंबोदा में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं शांतिपूर्ण है।















