दतिया। यातायात थाना प्रभारी सपना शर्मा द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों की नागरिकों ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान खुलकर सराहना की। जनसंवाद में उपस्थित लोगों ने कहा कि उनके नेतृत्व में यातायात व्यवस्था में सुधार दिखाई दे रहा है तथा आमजन को राहत मिल रही है।
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की भी प्रशंसा की। थाना प्रभारी सपना शर्मा ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई कराई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाली बुलेट एवं अन्य वाहनों की जांच की गई। फटाखा साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी सपना शर्मा ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।















