नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का शुभारम्भ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारम्भ
प्रदीप कुमार नायक स्वतंत्र लेखक एवं पत्रकार मधुबनी जिले में नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों के संभावित शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के लिए जिलाधिकारी, आनंद शर्मा ने दिए निदेश l
नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का 15 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ l
मधुबनी जिलाधिकारी, आनंद शर्मा के द्वारा मधुबनी जिला में नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों के संभावित शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निदेश दिए है।
उन्होंने कहा है कि 15 जुलाई 2026 को माननीय, मुख्यमंत्री, बिहार के द्वारा भागलपुर से राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस अवसर को राज्य में उच्च शिक्षा के विकास से जुड़े एक महत्वपूर्ण जन-उत्सव के रूप में आयोजित किये जाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु निदेश प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी, आनंद शर्मा के द्वारा नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में दिनांक-15.07.2026 से पूर्व शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन हेतु आवश्यक सभी आधारभूत संरचनात्मक एवं प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण करने हेतु आवश्यक निदेश दिया है।
उन्होंने महाविद्यालय भवन, परिसर एवं कक्षाओं की पूर्ण तैयारी, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वच्छता एवं प्रकाश की व्यवस्था, फर्नीचर, कार्यालय व्यवस्था एवं कक्षा संचालन हेतु आवश्यक सामग्री, कम्प्यूटर, इंटरनेट एवं अन्य आईटी सुविधाओं की उपलब्धता, परिसर की साफ-साफ सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को ससमय पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निदेश दिए है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 14 जुलाई तक सभी तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार का कार्य लंबित न रहे। डीएम ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।