दतिया। आगामी विधानसभा उपचुनाव-2026 के दृष्टिगत पुलिस महानिरीक्षक चंबल संभाग द्वारा समीक्षा बैठक ली गई

IMG-20260717-WA0024

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए

आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस महानिरीक्षक सचिन अतुलकर द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, दतिया में जिले की कानून-व्यवस्था एवं चुनाव संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस उप महानिदेशक सुनील कुमार जैन, जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक दतिया मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने वर्ष 2023 से जुलाई 2026 तक जिले में दर्ज विभिन्न प्रकार के अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। मतदान केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था, मोबाइल पार्टियों की तैनाती तथा थाना प्रभारी एवं राजस्व अधिकारियों द्वारा मतदान केन्द्रों के संयुक्त निरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने ऐसे मतदान केन्द्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जहाँ मोबाइल या वायरलेस नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, ताकि वहां वैकल्पिक संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। बाहर से आने वाले पुलिस बल के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

बैठक में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, शस्त्र जमा कराने की कार्यवाही, वाहन चेकिंग, पूर्व चुनावों से संबंधित प्रकरणों की स्थिति तथा चुनाव संबंधी अपराधों में संलिप्त असामाजिक एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध की जा रही वैधानिक कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

साथ ही अंतर्राज्यीय समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान तथा वहां की सुरक्षा तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सतत गश्त, सघन वाहन चेकिंग एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अंतरराज्यीय सीमाओं पर प्रभावी निगरानी रखने तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना दतिया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी पूर्ण समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

About The Author