जंगल में लावारिस मिली क्रेटा कार व बाइक, 39.8 किलो डोडा चूरा बरामद, तस्करों की तलाश जारी

IMG-20260721-WA0004

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। बडलियास/बड़लियास थाना क्षेत्र के जीवा का खेड़ा गांव के पास जंगल में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी एक क्रेटा कार और मोटरसाइकिल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची बड़लियास थाना पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो कुल 39.800 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने डोडा चूरा, क्रेटा कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि रविवार रात सूचना मिली थी कि जीवा का खेड़ा चौराहे से गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास एक कार और मोटरसाइकिल संदिग्ध हालत में खड़ी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में दोनों वाहन खड़े मिले, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र थे।जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि क्रेटा कार के आगे-पीछे और दोनों ओर के शीशे टूटे हुए थे तथा कांच के टुकड़े चारों ओर बिखरे पड़े थे।

कार की पिछली सीट निकाली हुई थी और अंदर भी डोडा चूरा फैला हुआ था। वहीं जीवा का खेड़ा रोड के किनारे भी कई स्थानों पर डोडा चूरा बिखरा मिला।दो कट्टों में मिला 39.800 किलो डोडा चूरापुलिस की तलाशी में कार से कुछ दूरी पर एक सफेद कट्टा मिला, जिसमें 29.860 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा भरा हुआ था। वहीं कार के अंदर बिखरे डोडा चूरा को एकत्र कर दूसरे कट्टे में भरा गया, जिसका वजन 9.940 किलोग्राम निकला।

इस प्रकार कुल 39.800 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर जब्त किया गया।

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए तस्कर

पुलिस ने आसपास के जंगल में आरोपियों की तलाश की, लेकिन रात के अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्रेटा कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

अब वाहनों के पंजीकरण नंबरों के आधार पर तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल पुखापुरी तथा पुलिसकर्मी संदीप कुमार, अनिल कुमार और संदीप कुमार सहित पुलिस टीम शामिल रही।

About The Author