राजगढ़ में ऑल प्रगतिशील पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन का मिलन समारोह संपन्न l
राजगढ़। कल ब्राह्मण गोंण धर्मशाला जिला राजगढ़ में ऑल प्रगतिशील पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, मध्यप्रदेश के जुझारू प्रदेश अध्यक्ष सुधीर दुबे की अध्यक्षता एवं मंचासीन अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में एसोसिएशन का भव्य पेंशनर मिलन समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
इसके पश्चात सभी अतिथियों एवं उपस्थित पेंशनर साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में कविता पाठ ने भी सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर एसोसिएशन के नवीन जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई तथा नए सदस्यों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में राजेन्द्र जोशी (काका) एवं उनकी टीम द्वारा उपस्थित लगभग 70–75 पेंशनर साथियों के लिए स्नेहभोज की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।