लाड़ली बहना योजना से संबंधित भ्रामक सूचना का जिला प्रशासन ने किया खंडन

IMG-20260810-WA0003

दतिया 09 अगस्त 2026/ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लाड़ली बहना योजना के संबंध में एक भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचना प्रसारित की जा रही है। वायरल पोस्ट में दतिया जिले की 7 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खाते बंद किए जाने का दावा किया गया है। जिला प्रशासन ने उक्त दावे को पूर्णतः भ्रामक एवं असत्य बताते हुए स्पष्ट किया है कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत किसी भी हितग्राही के खाते बंद नहीं किए गए हैं।

योजना पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। साथ ही जिले में 7 लाख नहीं बल्कि 1 लाख 43 हज़ार लाडली बहनाओं को योजना का लाभ नियमित मिल रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट, भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही ऐसी पोस्ट को आगे साझा करें। शासकीय योजनाओं से संबंधित किसी भी जानकारी की पुष्टि अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही करें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि झूठी एवं भ्रामक सूचनाओं के माध्यम से आमजन को गुमराह करने अथवा भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से जिम्मेदार सोशल मीडिया व्यवहार अपनाने तथा किसी भी सूचना को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि करने की अपील की है।

About The Author