चिल्लर डैम में आई बहार: मूसलाधार बारिश से जलस्तर 6.5 फीट बढ़ा, शाजापुरवासियों को पेयजल संकट से मिली राहत
शाजापुर:जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन के साथ-साथ शहर के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रविवार और सोमवार को हुई झमाझम बारिश के चलते शाजापुर शहर के प्रमुख जल स्रोत चिल्लर डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।मंगलवार सुबह 9 बजे तक सांपखेड़ा गांव स्थित इस बांध में 6.5 फीट पानी की आवक दर्ज की गई।
एक ही दिन में हुई इस मूसलाधार बारिश से शहरवासियों की उस बड़ी चिंता का समाधान हो गया है, जिसके तहत सालभर पीने योग्य पानी मिलने पर संशय बना हुआ था।पेयजल संकट से बड़ी राहतअधिकारियों के अनुसार, चिल्लर डैम में अचानक आए इस पानी से शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बहुत मजबूती मिली है।
आने वाले दिनों में शाजापुर शहर की जल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिहाज से यह स्थिति बेहद अनुकूल मानी जा रही है।बारिश का दौर जारी, जलस्तर और बढ़ने की उम्मीदसोमवार रात भी शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिसके चलते बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है।
मौसम विभाग और जल संसाधन विभाग के जानकारों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में इसी प्रकार अच्छी बारिश होती रही, तो चिल्लर डैम का जलस्तर और अधिक बढ़ जाएगा, जिससे शहरवासियों को सालभर पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।