शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-विधानसभा क्षेत्र में प्रवास के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, नामांकन व अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक बैरवा ने विद्यालय की एस.डी.एम.सी. समिति के पदाधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ से चर्चा करते हुए विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि खेल मैदान को और बेहतर रूप देने तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए।
साथ ही उन्होंने विद्यालय का नामांकन बढ़ाने के लिए आमजन, अभिभावकों व विद्यार्थियों को प्रेरित करने की बात कही।विधायक बैरवा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, समिति सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

























