मध्यप्रदेश राजनीति शिक्षा समाज

शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा।

दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखडे के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी सुनील शुक्ला एवं डीपीसी राजेश शुक्ला के मार्गदर्शन में शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, पीतांबरा पीठ दतिया में भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई।

यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विकासखंड दतिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ,कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसमें उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में निबंध, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद्, पूर्व प्रोफेसर एवं साहित्यकार डॉ. आर.पी. गुप्ता उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल समन्वयक संजय रावत ने की।

अतिथियों का स्वागत प्रभारी प्रधानाध्यापिका आकांक्षा रावत, अर्चना शुक्ला, दीपा पांडे एवं प्रियंका चौधरी द्वारा किया गया। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में डॉ. आर.पी. गुप्ता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के महान योद्धा थे।

उन्होंने सभी नागरिकों को समान अधिकार देकर देश को एक सशक्त लोकतंत्र प्रदान किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वह दहाड़ेगा”, इसलिए जीवन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

प्रभारी प्रधानाध्यापिका आकांक्षा रावत ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने नारी शिक्षा पर विशेष बल दिया और समाज को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं के शिक्षित होने को अनिवार्य बताया। उन्होंने छात्रों को उनके आदर्शों पर चलने और शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को संवारने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा माला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना की।

अंत में अर्चना शुक्ला द्वारा आभार व्यक्त किया गया, कार्यक्रम में प्रियंका चौधरी, राजेंद्र तोमर, दीपा पांडे, राखी अडजरिया, अनीता नाहर, बबीता पाल, कविता सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने न केवल छात्रों को डॉ. अंबेडकर के विचारों से अवगत कराया, बल्कि उन्हें शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के महत्व को समझने की प्रेरणा भी।

About The Author