राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षा 2026- जूते-मोजे पहनकर प्रवेश रहेगा वर्जित
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी
राजगढ़ 24 अप्रैल, 2026
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा – 2026 के लिए प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन जारी की है। रविवार 26 अप्रैल को दो सत्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की नकल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षार्थियों को विशेष नियमों का पालन करना होगा।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश करना पूरी तरह निषिद्ध रहेगा, परीक्षार्थी केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही केंद्र पर आ सकेंगे।
परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ-साथ बेल्ट, पर्स, टोपी, धूप का चश्मा और बालों के क्लचर जैसी एक्सेसरीज ले जाना भी वर्जित किया गया है।
स्टेशनरी के तौर पर पेंसिल, रबर और व्हाइटनर का उपयोग भी वर्जित रहेगा; परीक्षार्थी केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और गोले बनाने के लिए निर्धारित पेन, स्वयं का फोटोग्राफ, पानी की पारदर्शी बॉटल, दिव्यांग परीक्षार्थियों को उनके लिए आवश्यक सामग्री ही साथ ला सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों के कक्ष में प्रवेश से पहले उनकी सघन तलाशी ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की गरिमा का विशेष ध्यान रखते हुए उनकी तलाशी केवल महिला अधिकारियों द्वारा ही ली जाएगी और उनके दुपट्टे या चुन्नियों की जांच के बाद उन्हें तुरंत वापस कर दिया जाएगा।
साथ ही, धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हुए हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धागे व ताबीज व अन्य धार्मिक मान्यता का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाएगा।
किसी भी परिस्थिति में धार्मिक-सामाजिक प्रतीकों को काटने, फाड़ने या बल पूर्वक हटाने की अनुमति नहीं रहेगी और महिलाओं के आभूषण भी नहीं उतरवाए जाएंगे।




