अपराध (क्राइम ) प्रशासन राजस्थान

राजस्थान। फुलियाकलां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हार्डकोर अपराधी सांवरलाल गुर्जर अवैध पिस्टल व कारतूस सहित गिरफ्तार

बिना नंबर की बाइक से ले जा रहा था हथियार, डीएसटी व फुलियाकलां थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। फूलियाकलां-जिले में भीलवाड़ा पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना फुलियाकलां एवं डीएसटी भीलवाड़ा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हार्डकोर अपराधी को अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी छह प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी शाहपुरा ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल एवं थानाधिकारी राजकुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को हल्का गश्त के दौरान डीएसटी के हेड कांस्टेबल कालूराम धायल को सूचना मिली कि सांगरिया की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर धनोप की तरफ आ रहा है, जिसके पास अवैध पिस्टल व कारतूस हो सकते हैं।

सूचना पर पुलिस टीम धनोप माता तिराहे पर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई।आरोपी ने अपना नाम सांवरलाल पुत्र रामस्वरूप गुर्जर (33) निवासी सांगरिया थाना फुलियाकलां बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर लगे बैग से एक लोहे का पिस्टलनुमा हथियार बरामद हुआ। पिस्टल की मैगजीन में तीन जिंदा कारतूस मिले।

आरोपी से हथियार रखने का लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।इस पर पुलिस ने आम्र्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल, मैगजीन एवं तीन कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

कार्रवाई में शामिल टीम – थानाधिकारी राजकुमार, पुलिस थाना फुलियाकलां, कन्हैयालाल, प्रभारी डीएसटी भीलवाड़ा, हेड कांस्टेबल कालूराम धायल, कांस्टेबल राकेश भंडारी, कांस्टेबल असलम, कांस्टेबल घीसु, कांस्टेबल घेवरलाल, कांस्टेबल श्रवणलाल, कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल किशोर, पुलिस आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

About The Author