शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। धानेश्वर-फूलियाकलां क्षेत्र के श्री धानेश्वर धाम स्थित शिव मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य के अंतर्गत निज मंदिर के मुख्य द्वार (गेट) एवं शिखर निर्माण को लेकर सोमवार को मंदिर परिसर में समाज बंधुओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंदिर विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि सबसे पहले निज मंदिर के मुख्य द्वार एवं शिखर निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा।
साथ ही मंदिर परिसर में लगभग 15×15 फीट के तीन हॉल निर्माण करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। जिन समाज बंधुओं द्वारा अपनी स्वेच्छा से हॉल निर्माण कराया जाएगा, उनके परिवार के नाम की नेम प्लेट संबंधित हॉल पर लगाई जाएगी।
बैठक में मंदिर निर्माण समिति द्वारा अब तक का आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार मंदिर निर्माण हेतु अब तक कुल ₹19,74,355 की राशि प्राप्त हुई है, जबकि विभिन्न निर्माण कार्यों पर ₹16,16,025 व्यय किए जा चुके हैं।
समिति ने यह भी निर्णय लिया कि जो भी दानदाता ₹5,100 अथवा उससे अधिक का सहयोग प्रदान करेंगे, उनका नाम मंदिर परिसर में स्थापित होने वाले शिलालेख पर अंकित किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर से संबंधित दोनों खेतों (डोली) के ठेके क्रमशः ₹55,000 एवं ₹51,000 में दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता मोडूंराम पांडियार (छोटा फुलिया) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री आत्माराम लाईवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन महामंत्री गोपाल साहू कसोदनिया उपस्थित रहे।
आय-व्यय का लेखा-जोखा कैशियर गोपाल मंगलुडिया, रामधन अगवाल एवं गोपाल नैनावा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर फुलिया, कादेड़ा, सापला, बचखेड़ा, तस्वारिया, कनेछन, शाहपुरा, विजयनगर, फुलिया खुर्द, ढिंकोला, संगरिया, हुकमपुरा, डोहरिया, श्यामपुरा सहित अनेक गांवों से बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर समिति अध्यक्ष रामस्वरूप बोहरा ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात सभी समाज बंधुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी ग्रहण की।तेली साहू विकास समिति, शिव मंदिर धानेश्वर धाम फुलिया कला की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं एवं समाज बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।















