मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 जुलाई को दतिया प्रवास पर, जनसभाओं से लेकर व्यापारी सम्मेलन तक रहेंगे व्यस्त

file_00000000ea0881fa8fa1065a7f918b6f

दतिया। विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 25 जुलाई को दतिया विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे।

अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करेंगे, प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे, भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा व्यापारी सम्मेलन में शामिल होकर व्यापारियों को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी संगठन एवं स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वे सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनता के बीच रखेंगे और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 2 बजे उदगवां में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे सायं 4 बजे सीतापुर मंडल के ग्राम उपरायं पहुंचकर दूसरी विशाल जनसभा में शामिल होंगे, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहने की संभावना है,

जनसभाओं के बाद मुख्यमंत्री सायं 6:30 बजे दतिया स्थित चुनाव कार्यालय, होटल रतन रॉयल पहुंचेंगे, जहां आयोजित प्रबुद्धजन बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवी, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य

नागरिक शामिल होंगे। बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री दतिया नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं से भेंट कर चुनावी रणनीति एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री सायं 7:45 बजे होटल एमपीटी मोटल में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

सम्मेलन में जिले के व्यापारी, उद्योगपति एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की व्यापार एवं उद्योग हितैषी नीतियों, निवेश, रोजगार और व्यापारिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे तथा व्यापारियों से संवाद भी करेंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है।

पार्टीपदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनसभाओं और अन्य कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। वहीं जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा चुनावी माहौल को और अधिक सक्रिय बनाने वाला माना जा रहा है। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आमजन, पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और व्यापारियों की सहभागिता रहने की संभावना है।

About The Author